
उदयपुर. चुनाव से पहले कांग्रेस महिलाओं का भरोसा जीतने के लिए महिलाओं से जुड़ी समस्याओं और उनके अधिकारों को मुद्दा बनाकर देशभर में महिला अधिकार यात्रा निकालेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 20 सितंबर को ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की इस यात्रा की शुरुआत उदयपुर से करेंगे।
5 जिलों में जाएगी रैली
रैली राजस्थान में 5 दिन में 5 जिलों में जाएगी। उदयपुर से यात्रा शुरू होकर डूंगरपुर जाएगी। 20 को डूंगरपुर में रुकने के बाद बांसवाड़ा और अगले दिन प्रतापगढ़ जाएगी। इसके बाद मंदसौर होते हुए यात्रा 23 को झालावाड़ पहुंचेगी, जहां मशाल जुलूस निकलेगा। कोटा में 24 सितंबर को यात्रा का समापन होगा। यहां से देश के हर जिले में एक दिन की यात्रा निकालने के निर्देश जिलाध्यक्षों को दिए जाएंगे। 24 को ही शाम को हर जिले में मशाल जुलूस निकलेगा।
दो माह में उदयपुर में तीसरी बड़ी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत
राहुल गांधी 20 को महिला यात्रा का शुभारंभ करने के साथ डूंगरपुर में होने वाली संकल्प रैली में भी भाग लेंगे। पिछले दो माह में यह तीसरा मौका होगा जब मेवाड़ और उदयपुर की धरती से बड़ी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत होगी। उदयपुर से यात्रा की शुरुआत के दौरान महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव, प्रदेश अध्यक्ष रेहाना रियाज अन्य महिला और कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल होंगे।
महिला सुरक्षा की की जाएगी बात
रेहाना रियाज ने बताया कि सभी महिला जिलाध्यक्ष अपने जिले में ब्लॉक और बूथ स्तर पर घर-घर जाकर महिला सुरक्षा को लेकर बात करेंगी। साथ ही जानेंगी कि कांग्रेस की सरकार बनने पर वे क्या चाहती हैं। रेहाना ने बताया कि राजस्थान महिला कांग्रेस दो बार से देश में टॉप कर रही है। इसलिए राहुल गांधी ने उदयपुर से महिला अधिकार यात्रा की शुरुआत का फैसला किया है।